नीमच। ग्राम खिमला (जिला नीमच) में ग्रीनको ग्रुप द्वारा बनाई जा रही 1920 मेगावाट की पंप स्टोरेज परियोजना नीमच-मंदसौर संभाग के लिए ऊर्जा और रोजगार दोनों क्षेत्रों में वरदान साबित होने जा रही है। लगभग 11,470 करोड़ रुपए की लागत वाली यह परियोजना देश की अपनी तरह की सबसे बड़ी पंप स्टोरेज योजना मानी जा रही है।
इस परियोजना का शिलान्यास 4 अक्टूबर 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल कार्यक्रम में किया था। वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस परियोजना को मध्यप्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में वर्णित कर चुके हैं।
ऊर्जा उत्पादन के साथ बड़ा रोजगार अवसर-
इस परियोजना से न सिर्फ क्षेत्र की बिजली आवश्यकताओं को मजबूती मिलेगी, बल्कि प्रतिदिन 3000 से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है। प्रशासन, ग्रामीण और कंपनी के बीच बेहतर तालमेल के साथ यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है।
