
नीमच। गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े ही हर्ष उल्लास के साथ नीमच में मनाया जा रहा है। लोग छोटी और बड़ी सभी तरह की गणेश प्रतिमाएं बड़े ही धूमधाम स्थापना करने के लिए ले जा रहे हैं। कोई हाथों में तो कोई ठेला गाड़ी पर कुछ लोग मोटर गाड़ी में भी भगवान गणेश की प्रतिमा ढोल-नगाड़ों के साथ झूमते गाते हुए अपने घर और गणपति पंडालों में विराजित करने ले जा रहे हैं। नीमच शहर के प्रमुख मार्ग टैगोर मार्ग पर बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमाओं की दुकानें सजी हुई हैं। जिसमें लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही हैं। गणेश उत्सव को लेकर नीमच शहर के साथ-साथ जिले में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। नीमच से गणेश प्रतिमा खरीदने के लिए जीरन, मनासा, रामपुरा, सिंगोली तक के लोग पहुंचे। वहीं गणेश उत्सव की धूम और शहर मे हो रही भारी भीड़ को देखते हुए। ट्रैफिक पुलिस जिला पुलिस के द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है साथ ही अधिकारियों के द्वारा सतत भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी जा रही हैं। नीमच के टैगोर मार्ग पर फव्वारा चौक से लेकर विजय टॉकीज चौराहा तक चार पहिया वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। वहीं बीच में आने वाले सभी मार्गों पर पुलिस ने बैरिकेट्स लगा रखे हैं साथ ही पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए हैं। वहीं शहर में कई स्थानों पर बड़े-बड़े पंडाल भी सजाए गए हैं। जिनमें विशाल गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। गणेश उत्सव को लेकर गली मोहल्लों में भी रहवासियों के द्वारा अलग-अलग पंडाल सजाए गए हैं। खास तौर से इस बार गणेश उत्सव में महिलाओं और बच्चों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। इस बार गणेश उत्सव में उत्साह को देखकर व्यापारी भी अच्छी बिक्री होने का दावा कर रहे हैं।