नीमच। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष के I.N.D.I.A. गठबंधन पर कहा कि इन्होंने भानुमति का कुनबा जोड़ा है। अकेले भाजपा को हरा नहीं सकते, इसलिए 28 दल एक साथ आ गए। गठबंधन का नाम I.N.D.I.A. रखा। उन्होंने जनता से पूछा कि आपको इंडिया अच्छा लगता है या भारत? राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि हमसे भी एक चूक हो गई थी। लोगों ने एक नारा दे दिया… शाइनिंग इंडिया… हम चुनाव हार गए। यही हाल इनका भी होने जा रहा है। ये गर्त में डूबने जा रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि आज हम चांद पर पहुंच गए। सूर्य के करीब जा रहे हैं। लेकिन कांग्रेस का राहुलयान 20 साल से लांच ही नहीं हो पा रहा है। उन्होंने तमिलनाडु के सीएम के बेटे के सनातन धर्म पर दिए बयान को लेकर भी I.N.D.I.A. गठबंधन और कांग्रेस को निशाने पर लिया।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को मध्यप्रदेश के नीमच से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने एक सभा को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने सीएम शिवराज सिंह को राजनीति का धोनी बताया है। उन्होंने कहा कि शुरुआत जैसी भी हो ये अच्छी तरह से फिनिश कर जीतना जानते हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि बीच में कुछ समय आपने कांग्रेस का मुख्यमंत्री देखा है और लंबे समय से शिवराज को भी मुख्यमंत्री के रूप में देख रहे हैं। आप ही कल्पना करें कि जनता की सेवा कौन कर सकता है। केंद्र में मोदी सरकार के बारे में ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस का राहुलयान 20 साल से लांच ही नहीं हो पा रहा राजनाथ सिंह ने कहा कि आज हम चांद पर पहुंच चुके हैं। सूर्य के करीब पहुंचने की कोशिश में हैं। यह भारत की कोशिश है। दुनिया में कोई देश यह नहीं कर पाया। हमारा चंद्रयान दक्षिणी छोर पर जाकर खड़ा हो गया। विश्व में इसकी सराहना हो रही है। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हम लगातार लांचिंग करते जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का राहुलयान 20 साल से लांच ही नहीं हो पा रहा है।

सनातन के खिलाफ बोलने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए

इनके गठबंधन के एक सदस्य कहते हैं सनातन धर्म सामाजिक न्याय के खिलाफ है। इसे मिटा देना चाहिए। इसे खत्म कर देना चाहिए। यह सतानत धर्म ही है, जिसने कोरोना काल में पूरे विश्व को अपना परिवार माना। वसुधैव कुटुंबकम का संदेश सनातनधर्मियों ने दिया है। सनातनधर्मी तो नागपंचमी पर नाग को दूध मिलाकर उसके दीर्घायु का कामना करते हैं। कांग्रेसियों ने पूछिए- ऐसी बातें कहने वालों से आप रिश्ता क्यों नहीं तोड़ देते हैं। सनातन धर्म पर ऐसी बात करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। सनातन के खिलाफ बोलने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। मुंहतोड़ जवाब का मतलब हिंसा नहीं, वोट के माध्यम से दीजिए।

अच्छी तरह फिनिश कर जीतना जानते हैं शिवराज: राजनाथ राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी जी और शिवराज जी को आपका आशीर्वाद चाहिए। आपके मामा शिवराज राजनीति के धोनी हैं। राजनीति का धोनी इसलिए कह रहा हूं। क्योंकि इन्हें 30 सालों से जानता हूं। शुरुआत जैसी भी हो, अच्छी तरह से ये फिनिश कर जीतना जानते हैं। शिवराज जी कला के माध्यम से ही चुनावी कामयाबी हासिल नहीं करते। उन्होंने सेवक के रूप में जनता की सेवा की है। ऐसी मान्यता है कि मालवा खुशहाल होता है तो पूरा प्रदेश खुशहाल होता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के भीतर गरीबों के प्रति संवेदनशीलता जो मैंने देखी है, राजनीति में बिरले लोगों में ही यह देखने को मिलती है। मध्यप्रदेश आज विकासित राज्यों की कतार में खड़ा है।

कमलनाथ ने हमारी योजनाओं को बंद करने का काम किया,देश के रक्षा मंत्री ने कहा कि 2047 यानी आजादी के 100 पूरे होते-होते हम भारत को अर्थव्यवस्था में विश्व में सबसे बड़ा देश बनाना चाहते हैं। यही हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि राज्यों में भी अनुकूल सरकारें होनी चाहिए। मोदी जी कुछ कहें और राज्यों की सरकार सुने ही नहीं। ऐसे में हम कैसे आगे बढ़ेंगे। मध्यप्रदेश में जो बदलाव आया है, वह किसी भी सूरत में रुकना नहीं चाहिए। बीच में कमलनाथ जी आए थे। उन्होंने गरीबों के सिर से छत छीनने का काम किया। हमारी पुरानी योजनाओं को बंद करने का काम किया। मोदी जी की योजनाओं पर बाधाएं डालीं। कोई सरकार शायद ही इतनी असंवेदनशील हो सकती है। वे कहते थे कि हम मकान बनाएंगे ही नहीं। आजाद भारत में इन्होंने जब से काम करना शुरू किया। हर चुनाव में गरीबी हटाने का नारा दिया। हमारा आंकड़ा गलत हो तो अखबार के पन्नों पर लिख दें। नीति आयोग की रिपोर्ट में कहा गया है कि मोदी जी के प्रधानमंत्री रहते हुए साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर चले गए हैं। एक और इंटर नेशनल रिपोर्ट में तो कहा गया है कि 40 करोड़ लोग गरीबी रेखा के ऊपर उठ चुके हैं। भारत में अब कोई अति गरीब नहीं है।

भारत कुछ बोलता है तो लोग कान खोलकर सुनते हैं

रक्षा मंत्री ने कहा कि मोदी जी की सरकार बनने के बाद पिछले 9 साल में भारत का कद दुनिया में तेजी से बढ़ा है। पहले भारत विदेशी मंच पर कुछ बोलता तो कोई उसे गंभीरता ने नहीं लेता था। कहते थे भारत तो गरीब और कमजोर देश है। इसका प्रतिनिधि मंच पर बोले ना बोले क्या फर्क पड़ता है। अब भारत कुछ बोलता है तो लोग कान खोलकर सुनते हैं कि भारत बोल क्या रहा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि 23 देशों का एक सर्वे हुआ है, जिसमें आधे से ज्यादा देशों ने इस बात को स्वीकार किया है कि भारत दुनिया में एक ताकतवर देशों की कतार में आकर खुद को खड़ा करने में सफल हुआ है। यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है।

कांग्रेस की मति मारी गई है: शिवराज सिंह

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस की मति मारी गई है। उन्होंने एक संगठन बनाया है। कहीं का ईंट कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा। एकत्रित हो गए मुंबई में… उनके घटक दल कह रहे हैं सनातन धर्म… मच्छर, डेंगू, मलेरिया, कोराना है। इसे खत्म कर देना चाहिए। मैडम सोनिया के वेणुगोपाल कहते हैं, अभिव्यक्ति की आजादी… ये हिंदुत्व का अपमान कर रहे हैं। हमारी संस्कृति का अपमान कर रहे हैं।

सीएम ने कहा कि दुनिया में कई लोग आए मैडम सोनिया, न तो वे सनातन को खत्म कर पाए और न ही हिंदुत्व को। सनातन का अपमान करने वाले जरूर समाप्त हो जाएंगे। ऐसे गठबंधन देश का भला नहीं कर सकते हैं।

भगवान से प्रार्थना करें कि अच्छी बारिश हो जाए

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं सुबह महाकाल महाराज के दर पर प्रार्थना करने गया था कि एक महीना हो गया, मेरे किसान परेशान हैं। बारिश नहीं हुई। अब ऐसी कृपा कर दो कि किसान के चेहरे पर मुस्कान आ जाए और हमारी फसलें भी ठीक हो जाएं। ओरछा में रामराजा लोक बनने वाला है, वहां भी गया और यही प्रार्थना की। आप भी अपने गांव में जो भी मंदिर हो, वहां पर भगवान से प्रार्थना करें कि अच्छी बारिश हो जाए।

सीएम ने कहा कि प्रदेश सूखे के द्वार पर खड़ा है। सूखे का संकट भी आए तो घबराना नहीं, इस सूखे के संकट से भी मैं अपने किसान भाईयों को निकाल कर ले जाऊंगा। रात में भी समीक्षा की। डैम से पानी जहां-जहां छोड़कर दिया जाना है, वहां देंगे। फसल खराब भी हुई तो चिंता नहीं करना। हम पूरा इंतजाम करेंगे।

जनता कांग्रेसियों की नाक काट देगी: विजयवर्गीय

सभा में बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हम नकल नहीं करते हैं। कांग्रेस के लोग आजकल गीता पढ़ रहे हैं। रामायण पाठ, हनुमान चालीसा का पाठ करवा रहे हैं। रुद्राक्ष बांट रहे हैं। इस देश में इतिहास साक्षी है, जब किसी ने रूप बदला तो उसकी नाक कट जाती है। शूर्पनखा ने रूप बदला तो लक्ष्मण ने उनकी नाक काट दी थी।

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मैं कांग्रेसियों ने कहना चाहता हूं कि आप नाटक मत करिए। आप तो सिर्फ एक ही त्योहार मनाते थे। उनका एक ही त्योहार था- रोजा और ईद। आजकल वे रामनवमी मनाने लगे हैं। कृष्ण जन्माष्टमी मनाने लगे।

जैसे राम और कृष्ण जर्नादन हैं, वैसी ही ये जनता भी जर्नादन है। उन्होंने शूर्पनखा की नाक काटी थी। ये जनता भी कांग्रेसियों की नाक काट देगी। वेश बदलकर छलने वाले लोगों को यह समाज कभी माफी नहीं करता है।

15 महीने की कमलनाथ सरकार ने लाेगाें से राेजगार छीना

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा- 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने लाेगाें से राेजगार छीना। भाजपा सरकार ने जाे मप्र में विकास की गंगा बहाई है, आज रेल मंत्री, सीएम शिवराज जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए आपसे आशीर्वाद लेने आए हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को जिताकर आशीर्वाद देगी। मोदी और शिवराज के हाथ मजबूत करने के लिए आपका आशीर्वाद जरूरी है।

सीएम शिवराज सिंह के स्वागत में लगाया मंच टूटा

नीमच के भारत माता चौराहा पर सीएम शिवराज सिंह चौहान के स्वागत के लिए लगाया गया एक मंच टूट गया। इसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

5 सितंबर को फिर यात्रा शुरू होगी

  • प्रातः 09:30 बजे जावद से प्रस्थान
  • प्रातः 09:45 बजे मोड़ी गांव
  • प्रातः 10:00 बजे सरवानिया महाराज नगर
  • प्रातः 10:30 बजे लासुर गांव
  • प्रातः 10:35 बजे बांगरेड गांव
  • मनासा विधानसभा में प्रवेश
  • प्रातः 10:40 बजे मालखेड़ा गांव
  • प्रातः 10:45 बजे जमुनिया रावजी गांव
  • प्रातः 10:50 बजे बालागंज गांव
  • प्रातः 11:00 बजे भटखेड़ी गांव
  • प्रातः 11:15 बजे मनासा रथ सभा
  • दोपहर 12:00 बजे मनासा से प्रस्थान
  • दोपहर 12:45 बजे कुकडेश्वर नगर प्रवेष मंच सभा
  • दोपहर 1:40 बजे कुकडेश्वर से यात्रा प्रस्थान
  • दोपहर 2 बजे रामपुरा प्रवेश रथ सभा
  • दोपहर 2:20 बजे रामपुरा से प्रस्थान
  • दोपहर 3:15 गांधी सागर मंदसौर जिले में प्रवेश